टीकाकरण कार्यक्रम में प्रोटोकॉल पर भारी पड़े विधायक, अधीक्षक की कुर्सी पर बैठने से मचा बवाल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


पहले भी अधिकारी की कुर्सी पर बैठने को लेकर विवादों में रह चुके हैं फरेंदा विधायक


फरेंदा/महराजगंज। फरेंदा क्षेत्र के विधायक वीरेंद्र चौधरी एक बार फिर अपने व्यवहार को लेकर चर्चा में हैं। इस बार मामला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बनकटी में आयोजित टीकाकरण अभियान के शुभारंभ से जुड़ा है, जहां कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अधीक्षक की आधिकारिक कुर्सी पर बैठकर प्रोटोकॉल को लेकर सवाल खड़े कर दिए।


जानकारी के अनुसार, विधायक वीरेंद्र चौधरी टीकाकरण अभियान की शुरुआत करने सीएचसी पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान वे सीधे अधीक्षक कक्ष में पहुंचे और वहां रखी मुख्य कुर्सी पर बैठ गए। इस दौरान अस्पताल के अधीक्षक एमपी सोनकर बगल की कुर्सी पर बैठे नजर आए। सरकारी कार्यालयों में जनप्रतिनिधियों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था होने के बावजूद इस तरह की स्थिति ने चर्चा को जन्म दे दिया।


घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों ने इसे जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रशासनिक गरिमा की अनदेखी बताते हुए आलोचना की है।


यह पहला मौका नहीं है जब विधायक इस तरह के विवाद में आए हों। इससे पहले भी वे उपजिलाधिकारी फरेंदा के कार्यालय में उनकी कुर्सी पर बैठने को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं, जिसे लेकर उस समय भी मामला चर्चा में रहा था।


वहीं, इस पूरे मामले पर जब सीएचसी अधीक्षक एमपी सोनकर से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि उन्होंने विधायक को समकक्ष कुर्सी ऑफर की थी, लेकिन वे मुख्य कुर्सी पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि एक कर्मचारी होने के नाते वे विधायक से उठने के लिए नहीं कह सकते थे।


फिलहाल, इस मामले में विधायक की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन घटना ने एक बार फिर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक मर्यादाओं के पालन को लेकर बहस छेड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *