बीमार गोवंश की निगरानी बढ़ाने के निर्देश, छाया और जलभराव से बचाव पर दिया जोर
महराजगंज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह के साथ मिठौरा ब्लॉक स्थित अस्थायी मदनपुरा गौआश्रय स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौवंशों के रख-रखाव, आहार एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने गोवंश शेड, पशु आहार कक्ष और भूसा भंडारण की स्थिति देखी। खंड विकास अधिकारी राहुल सागर ने जानकारी दी कि गौआश्रय स्थल पर वर्तमान में 43 गोवंश संरक्षित हैं। उनके लिए 106 कुंतल भूसा, 25 बोरी पशु आहार, 42 बोरी चोकर और 5 बोरी साइलेंज उपलब्ध है। इसके अलावा हरे चारे की नियमित आपूर्ति के लिए 750 डिसमिल भूमि में चारा उगाया गया है।
जिलाधिकारी ने परिसर में पर्याप्त छाया के लिए फलदार पौधे लगाने तथा बरसात के दौरान जलभराव रोकने के लिए घास रोपण कराने के निर्देश दिए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की भी जांच की, जो सही पाई गई।
बीमार गोवंश के बारे में जानकारी लेने पर एक पशु के अस्वस्थ होने की पुष्टि हुई, जिसका उपचार कराया जा चुका है। डीएम ने निर्देश दिया कि बीमार पशुओं की विशेष देखभाल की जाए और मृत गोवंश के निस्तारण की प्रक्रिया गरिमापूर्ण ढंग से सुनिश्चित हो। कमजोर पशुओं को पक्षियों से बचाने के लिए शेड के चारों ओर जाल लगाने को भी कहा गया।
उन्होंने गौआश्रय स्थल पर 24 घंटे केयरटेकर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सोलर पैनल सहित अन्य व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित मिलीं। मौके पर मौजूद व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाते हुए जिलाधिकारी ने समग्र प्रबंधन पर संतोष व्यक्त किया।
इस दौरान जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

