लापरवाही से खतरे में राहगीर : सड़क पर झूलता हाई वोल्टेज तार, घंटों बाधित रहा आवागमन

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मलमलिया उर्फ सिरसिया में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब हाई वोल्टेज विद्युत तार अचानक सड़क पर झूलने लगा। तार में करंट प्रवाहित होने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।


जानकारी के अनुसार परतावल–पनियरा मार्ग पर स्थित प्राथमिक विद्यालय के सामने रात करीब 10 बजे यह स्थिति उत्पन्न हुई। मार्ग व्यस्त होने के चलते कुछ ही देर में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सतर्क ग्रामीणों और वाहन चालकों ने तत्काल रास्ता रोक दिया, जिससे संभावित हादसे को टाला जा सका।


स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत विद्युत विभाग को दी गई, लेकिन काफी देर तक आपूर्ति बंद नहीं की गई, जिससे खतरा और बढ़ गया। ग्रामीणों का आरोप है कि जर्जर तारों और ढीले कनेक्शन की समस्या पहले भी कई बार विभाग के संज्ञान में लाई गई, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।


वहीं, जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश भी नाकाम रही, जिससे लोगों में विभाग के प्रति आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *