68 हाईटेक कैमरों से लैस होगी महराजगंज की ट्रैफिक व्यवस्था, 15 चौराहों पर होगी 24 घंटे निगरानी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज। जिले में यातायात व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। अब यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर हाईटेक कैमरों की पैनी नजर रहेगी। जिले के 15 प्रमुख चौराहों और तिराहों पर कुल 68 अत्याधुनिक कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों का स्वतः ई-चालान जारी होगा।


नई व्यवस्था के तहत कैमरों में ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) तथा पैन-टिल्ट-जूम (PTZ) तकनीक का उपयोग किया जाएगा। ये कैमरे वाहनों की नंबर प्लेट स्वतः पढ़ने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों और यातायात व्यवस्था पर 24 घंटे नजर रखेंगे। सभी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग पुलिस अधीक्षक कार्यालय में स्थापित अत्याधुनिक कंट्रोल रूम से की जाएगी।


योजना के तहत उद्योग चौराहा, महुअवा ढाला, इंद्रानगर पुल चौराहा (सिंदुरिया), इस्टेट तिराहा (चौक बाजार/कोठीभार), कुनसेरवा बाईपास (सोनौली), ठूठीबारी थाना तिराहा, गांधी चौक (नौतनवा), निचलौल तिराहा, अंबेडकर तिराहा (फरेंदा), दुर्गा मंदिर चौराहा (पनियरा/फरेंदा), परतावल चौराहा (श्यामदेउरवा), सुभाष चौक/सुनौली चौक (घुघली), शिकारपुर तिराहा (भिटौली), सोनाबंदी/सोनामाड़ी चौराहा (बृजमनगंज) तथा समरधीरा चौराहा (पुरंदरपुर) को कैमरों से कवर किया जाएगा।


इस हाईटेक व्यवस्था के लागू होने के बाद हेलमेट न पहनने, ट्रिपल राइडिंग, रेड लाइट जंप, ओवरस्पीडिंग सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर स्वतः ई-चालान जारी होगा। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी, यातायात अनुशासन मजबूत होगा तथा अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। जिले के प्रमुख चौराहों पर डिजिटल निगरानी शुरू होने से यातायात व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *