पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने पीड़ितों को दी त्वरित आर्थिक सहायता
हर्षोदय टाइम्स / सुनील मणि त्रिपाठी
धानी बाजार / महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा चौका में सोमवार को अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। आग की चपेट में आकर लगभग दो दर्जन बकरियां और एक भैंस जलकर मर गईं, जबकि एक अन्य भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई। तेज लपटों के कारण एक अन्य रिहायशी मकान भी आग की चपेट में आ गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शिवकुमार, श्रीराम व ओमप्रकाश (पुत्रगण फागू) के आवासीय मकान में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और अमरनाथ (पुत्र नागू) के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन सहित दैनिक उपयोग का सामान जलकर राख हो गया।

ग्रामीणों के कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना की सूचना पर उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र गौतम, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, वर्तमान विधायक वीरेंद्र चौधरी, थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह व चौकी प्रभारी आलोक राय मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
इस दौरान पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने पीड़ित परिवारों को तत्काल पांच-पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र राहत सामग्री और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

