हर्षोदय टाइम्स / अर्जुन चौधरी
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के साण्डा खुर्द गांव के पास सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में भैंस चरा रहे एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 5:30 बजे दुर्गवलिया निवासी बाबूलाल गुप्ता (40 वर्ष) अपनी मोटरसाइकिल से गेरमा से साण्डा खुर्द की ओर जा रहे थे। इसी दौरान साण्डा खुर्द के पास सड़क किनारे भैंस चरा रहे अर्जुन यादव (60 वर्ष) निवासी गेरमा को बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा भेजा। वहां चिकित्सकों ने अर्जुन यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाबूलाल गुप्ता की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही।

