नवजात बेटियों के जन्म पर जिला अस्पताल में मनाया गया कन्या जन्मोत्सव, डीएम ने बांटी बेबी किट

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज, 03 अगस्त। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से सोमवार को जिला चिकित्सालय महराजगंज में कन्या जन्मोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया।
कार्यक्रम में नवजात बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने नवजात बालिकाओं के साथ केक काटा और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



इस अवसर पर जिलाधिकारी ने 30 नवजात बालिकाओं को बेबी किट एवं मिष्ठान वितरित कर परिजनों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से नवजात शिशुओं का समय-समय पर टीकाकरण कराने तथा सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

डीएम ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की जानकारी देते हुए पात्र परिवारों से योजना में आवेदन कर बेटियों के बेहतर भविष्य के लिए उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय ने बताया कि महिला कल्याण विभाग की ओर से जनपद में प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय सोमवार को कन्या जन्मोत्सव आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.के. द्विवेदी, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. के.पी. त्रिपाठी, हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वीमेन, वन स्टॉप सेंटर, विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई, जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू) तथा जिला प्रोबेशन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *