हर्षोदय टाइम्स / अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। घुघली-सिसवा मुख्य मार्ग पर स्थित हरपुर पकड़ी(घिवहां)में सावन माह के प्रथम सोमवार को क्षेत्र के प्रसिद्ध बौरहवा बाबा मंदिर पर शिवभक्तों का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालु हाथों में गंगाजल, बेलपत्र, दूध और पूजा सामग्री लेकर मंदिर पहुंचने लगे। पूरे दिन भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों सहित हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा बौरहवा के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस एवं मंदिर समिति के लोगों ने दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। दिनभर पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का क्रम जारी रहा।
सावन के पहले सोमवार पर बौरहवा बाबा मंदिर पर उमड़ी आस्था ने एक बार फिर इस प्राचीन शिव मंदिर की धार्मिक महत्ता और लोगों की अटूट श्रद्धा को दर्शाया।


