पछुआ हवा ने बढ़ाई तबाही: रजौड़ा कला में आग से गेहूं की फसल राख, किसान बेहाल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


पनियरा/महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रजौड़ा कला में शुक्रवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। तेज पछुआ हवा के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और कई बीघा खेतों में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।


आग की चपेट में आने से किसान रामनरेश की खेत में बनी झोपड़ी भी पूरी तरह खाक हो गई। झोपड़ी में रखा जरूरी सामान भी जलकर नष्ट हो गया, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा।


ग्रामीणों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के खेतों को संभालने का मौका तक नहीं मिला। इस हादसे में प्रवीण यादव, मंगरा देवी सहित कई किसानों के लगभग दो मंडा खेत जल गए। वहीं लालमन, नागेंद्र यादव, पारस, राकेश, बहादुर पासवान, मंगरी और प्रवीण समेत अन्य किसानों की फसल भी आग की भेंट चढ़ गई।


घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर पंपसेट के जरिए पानी चलाया और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।


इस आगजनी से किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है और पूरे इलाके में दहशत व मायूसी का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *