हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल का गुरुवार को लखनऊ से आईं निदेशक डॉ. सीमा श्रीवास्तव ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में कई कमियां उजागर होने पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत अधीक्षक कक्ष से हुई, जिसके बाद उन्होंने ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, टीकाकरण कक्ष और महिला विंग समेत विभिन्न विभागों का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान सूचना बोर्ड पर चिकित्सकों के नाम व पद सही तरीके से अंकित न होने पर उसे तत्काल दुरुस्त कराने को कहा गया।
ओपीडी कक्ष संख्या 6 में मरीजों को देख रहे डॉ. प्रमोद यादव को पर्ची पर स्पष्ट रूप से रोग का विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ओपीडी पर्ची को ऑनलाइन जारी करने और उसमें मरीज का मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज करने की बात कही गई।
ड्रेस कोड का पालन न करने पर भी निदेशक ने नाराजगी जताई और सभी डॉक्टरों व कर्मचारियों को निर्धारित वेशभूषा में कार्य करने के सख्त निर्देश दिए। दवा वितरण कक्ष में चीफ फार्मेसिस्ट समीउल्लाह से दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली गई, जबकि टीकाकरण कक्ष में नीलम सिंह से व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
वैक्सीन कक्ष के रखरखाव में सुधार के निर्देश देने के साथ ही ब्लड स्टोरेज यूनिट को शीघ्र चालू करने को कहा गया। अस्पताल परिसर में शौचालयों की सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर दिन में कई बार सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
महिला विंग में गायनाकोलॉजिस्ट डॉ. शालिनी सिंह से सीजर प्रसव, नवजात शिशुओं की देखभाल, केएमसी और एनबीएसयू की व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।
इस मौके पर अपर निदेशक डॉ. जयंत कुमार, सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद, डिप्टी सीएमओ राजेश द्विवेदी समेत अन्य स्वास्थ्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

