मोटर में उतरे करंट ने ली मां-बेटे की जान, बचाने गया बेटा भी बना हादसे का शिकार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

सिसवा बाजार / महराजगंज : सिसवा नगरपालिका के चौधरी चरण सिंह वार्ड में शुक्रवार को एक बेहद हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां बिजली करंट ने एक ही परिवार की दो जिंदगियां छीन लीं। पानी के मोटर में उतरे करंट की चपेट में पहले मां आईं और उन्हें बचाने की कोशिश में बेटा भी काल के गाल में समा गया।

जानकारी के अनुसार, वार्ड निवासी किसान रामदेव सिंह शुक्रवार सुबह अपने खेत गए थे। पूर्वाह्न करीब 11 बजे जब वे घर लौटे तो उन्होंने पानी के लिए पत्नी को आवाज दी। इस दौरान घर में पढ़ रहा उनका 17 वर्षीय बेटा अखिलेश मां को बुलाने रसोई की ओर गया।

रसोई में पहुंचते ही अखिलेश ने देखा कि उसकी 45 वर्षीय मां रंभा देवी पानी के मोटर के पास अचेत अवस्था में पड़ी हैं। मां को उठाने के प्रयास में वह भी करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गया।

कुछ देर तक घर में कोई हलचल न होने पर रामदेव सिंह अंदर पहुंचे तो मां-बेटे दोनों को अचेत देखकर उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में परिजन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर कोठीभार थाने के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की, हालांकि परिजनों ने प्रारंभ में पोस्टमार्टम से इन्कार कर दिया। पुलिस परिजनों से बातचीत कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।


इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *