हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। अन्तर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर पकड़ी रेंज वन विश्राम भवन में एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का संचालन पकड़ी रेंज स्टाफ एवं केएमसी मेडिकल कॉलेज के अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा संयुक्त रूप से किया गया, जिसमें क्षेत्र के श्रमिकों एवं स्थानीय नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और सामान्य स्वास्थ्य जांच, ब्लड प्रेशर एवं शुगर जांच सहित विभिन्न चिकित्सीय सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान चिकित्सकों ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वच्छता बनाए रखने के महत्व की जानकारी दी।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा। स्थानीय प्रशासन एवं वन विभाग के सहयोग से आयोजित इस शिविर को लोगों ने सराहा और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की आवश्यकता जताई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्षेत्रीय वनाधिकारी सुशांत मणि त्रिपाठी, वन दरोगा विपुल कुमार मिश्रा, गौरव त्रिपाठी, वन रक्षक विक्रांत सिंह, वन्यजीव रक्षक शशि चौधरी सहित अन्य वन कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं केएमसी चिकित्सालय से डॉ. देव, डॉ. हेमंत भारद्वाज, डॉ. अमान खान, डॉ. रूपाली यादव एवं अन्य स्टाफ भी मौजूद रहे।



