हरपुर तिवारी प्राथमिक विद्यालय के टॉपर्स और होनहार छात्र पुरस्कृत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


जिला पंचायत सदस्य आशिक अली व खंड शिक्षा अधिकारी मुसाफिर सिंह पटेल ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह


महराजगंज। विकास खंड परतावल क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय हरपुर तिवारी में वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 1 से 8 तक के विभिन्न वर्गों के प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले टॉपर्स को सम्मानित किया गया। साथ ही छात्रवृत्ति परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले 14 छात्र-छात्राओं एवं सभी कक्षाओं में सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज करने वाले बच्चों के अभिभावकों को भी पुरस्कृत किया गया।


इस अवसर पर बच्चों को मोमेंटो, मेडल, पेंसिल बॉक्स व वाटर बॉटल आदि भेंट किए गए। कार्यक्रम के दौरान भ्रमण पर पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी परतावल मुसाफिर सिंह पटेल ने भी समारोह में सहभागिता की और मेधावी छात्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।


अपने संबोधन में खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि मेहनत से अर्जित ज्ञान ही जीवन में सफलता दिलाता है। उन्होंने बताया कि जनपद में सर्वाधिक छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल होने वाले बच्चे हरपुर तिवारी विद्यालय के हैं। उन्होंने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रधानाध्यापक जे.डी. अंसारी एवं समस्त स्टाफ की सराहना की।


कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में स्वच्छता के प्रति विशेष योगदान देने वाले छह बच्चों को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा जूनियर हाई स्कूल के इंचार्ज जे.डी. अंसारी, राजेंद्र यादव व संजीव पाठक को टेट परीक्षा उत्तीर्ण करने पर खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया।


समारोह में जिला पंचायत सदस्य आशिक अली, शाकिर अली, ग्राम प्रधान जयराम यादव, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष इंद्रासन यादव, युवा नेता बबलू खान सहित शिक्षकगण पंकज यादव, हेमलता मिश्रा, शिवांगी, सरिता, आदेश यादव एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *