संकरी सड़क बनी मुसीबत, चौड़ीकरण की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज सदर तहसील क्षेत्र में महाराजगंज हनुमानगढ़ी से बभनौली चौराहे तक जाने वाली करीब 10 किलोमीटर लंबी सड़क की संकीर्णता अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है।  आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क चौड़ीकरण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और जल्द कार्रवाई की मांग उठाई।


ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग बभनौली, मुडिला तिवारी, खेमपिपरा, बांसपार, बिशुनपुरा, कामता बुजुर्ग, मिठौरा, लक्ष्मीपुर देउरवां, बरियारपुर और जमुनिया समेत दर्जनों गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ता है। प्रतिदिन हजारों लोगों का इस सड़क से आवागमन होता है, लेकिन सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण वाहनों के आवागमन में भारी दिक्कत होती है।


ग्रामीणों का कहना है कि जब भी कोई बड़ा वाहन इस मार्ग से गुजरता है, तो सामने से आने वाले वाहन को पास देने में काफी मुश्किल होती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। कई बार छोटे-बड़े हादसे भी हो चुके हैं।


प्रदर्शन कर रहे बिलाल खान, सनाउल्लाह खान, खुर्शीद आलम, इकरार खान, शहाबुद्दीन, बिकाऊ, डॉ. अब्दुल रहमान और आशीष पासवान समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि वे कई बार लिखित रूप से प्रशासन से सड़क चौड़ीकरण की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।


इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अभियंता करण सिंह का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र ही शासन को भेजा जाएगा। बजट स्वीकृत होते ही कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *