बागापार विद्यालय में प्रतिभाओं का सम्मान, वार्षिकोत्सव में बच्चों ने बिखेरा हुनर

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित, रंगारंग कार्यक्रमों ने जीता अतिथियों का दिल

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज। सदर क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय बागापार में सोमवार को मेधावी छात्र सम्मान समारोह एवं वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विवेक गुप्ता सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने अतिथियों का स्वागत पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और स्मृति चिह्न भेंट कर किया।


मुख्य अतिथि विवेक गुप्ता ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों के बच्चे आज किसी भी निजी विद्यालय से कम नहीं हैं। उन्होंने अभिभावकों से शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराने की अपील की। वहीं, डायट प्रवक्ता डॉ. अरुण मिश्रा ने सफलता के लिए मेहनत और लगन को जरूरी बताया। खंड शिक्षा अधिकारी सुदामा प्रसाद ने बालिका शिक्षा के बढ़ते स्तर पर संतोष जताया।


कार्यक्रम के दौरान कक्षा 1 से 8 तक के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। राधिका को “बेस्ट स्टूडेंट” का पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा सर्वोदय एवं राष्ट्रीय आय परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।


वार्षिकोत्सव में सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, एकलव्य-द्रोणाचार्य थीम पर आधारित नृत्य, देशभक्ति प्रस्तुतियां और नारी शक्ति जैसे कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुति पर उपस्थित अतिथियों ने जमकर सराहना की।


ग्राम प्रधान विवेक प्रताप सिंह ने विद्यालय में बढ़ती शैक्षिक गुणवत्ता पर प्रसन्नता व्यक्त की। प्रधानाध्यापक सुरेन्द्र उपाध्याय ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन पंकज कुमार मौर्य ने किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *