एडीओ पंचायत कार्यालय के सामने गंदगी का साम्राज्य, स्वच्छता अभियान पर उठे सवाल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

ब्लॉक परिसर में फैली गंदगी बनी चर्चा का विषय, जिम्मेदार विभाग की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल।

77 ग्राम सभाओं की सफाई व्यवस्था देखने वाले विभाग के परिसर में ही कूड़े का अंबार


परतावल, महराजगंज। स्वच्छता को लेकर सरकार भले ही बड़े-बड़े दावे कर रही हो, लेकिन परतावल विकास खंड परिसर की स्थिति इन दावों की हकीकत बयां कर रही है। विकास खंड परिसर स्थित एडीओ पंचायत कार्यालय के ठीक सामने कूड़े का ढेर लगा होने से स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।


विडंबना यह है कि जिस कार्यालय पर क्षेत्र की 77 ग्राम सभाओं में सफाई व्यवस्था की निगरानी और संचालन की जिम्मेदारी है, उसी कार्यालय परिसर में गंदगी का अंबार नजर आ रहा है। ब्लॉक परिसर के विभिन्न हिस्सों में कूड़ा बिखरा पड़ा है, जबकि पौधों और फूलों की क्यारियां भी कचरे से अटी हुई दिखाई दे रही हैं।


परिसर में आने वाले ग्रामीणों और कर्मचारियों को गंदगी के कारण असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब ब्लॉक मुख्यालय की यह स्थिति है तो गांवों में सफाई व्यवस्था की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने और परिसर को स्वच्छ रखने की मांग की है।


इस संबंध में एडीओ पंचायत का पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव न होने के कारण उनका पक्ष नहीं मिल सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *