हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
भिटौली (महराजगंज)। गांव की बदहाल नाली व्यवस्था को सोशल मीडिया के माध्यम से उजागर करना एक युवक को कथित तौर पर भारी पड़ गया। मामले को लेकर युवक ने ग्राम प्रधान के पुत्र और प्रधान पति पर रास्ते में रोककर गाली-गलौज, मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अहिरौली गांव निवासी अरविंद कनौजिया ने भिटौली थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसने छह अगस्त को गांव की नाली की बदहाल स्थिति को सोशल मीडिया के माध्यम से सामने रखा था। आरोप है कि इससे नाराज ग्राम प्रधान के पुत्र विवेक कुमार और प्रधान पति रुदल प्रसाद ने उसे रास्ते में रोक लिया। पीड़ित के मुताबिक दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
अरविंद कनौजिया का दावा है कि घटना से संबंधित वीडियो भी उसके पास मौजूद है। उसने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
जनसमस्या उठाने पर दबाव बनाने का आरोप
नाली जैसी बुनियादी जनसमस्या को सोशल मीडिया के जरिए सामने लाने के बाद विवाद उत्पन्न होने से गांव में चर्चा का माहौल है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि समस्या को सार्वजनिक करने से नाराज होकर उस पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया। हालांकि, लगाए गए आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सत्येंद्र राय ने बताया कि युवक की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

