सभी विभागों को तत्काल कार्ययोजना लागू करने के निर्देश, कंबाइन-रीपर संचालन के लिए तय किए गए सख्त नियम
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज, 30 मार्च। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को हीट वेव (लू) एवं पराली अग्निकांड प्रबंधन के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि हीट वेव से निपटने के लिए तत्काल प्रभाव से कार्ययोजना बनाकर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए हीट वेव के दुष्प्रभावों तथा अग्निकांड की घटनाओं को न्यूनतम करने का प्रयास करें। उन्होंने निर्देश दिया कि कंबाइन/रीपर मशीन का उपयोग पूर्ण फसल कटाई के बाद ही किया जाए तथा भूसा निर्माण के दौरान फायर लाइन का निर्माण अनिवार्य रूप से कराया जाए।
विद्युत विभाग को जर्जर ट्रांसफॉर्मर एवं विद्युत लाइनों के त्वरित सुधार के निर्देश दिए गए। वहीं वन विभाग को जंगलों में आग की रोकथाम हेतु फायर कंट्रोल लाइन बनाने तथा कंट्रोल बर्निंग की पूर्व सूचना अग्निशमन विभाग को देने को कहा गया। अग्निशमन विभाग को सभी उपकेंद्रों पर फायर टेंडर एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाओं व ओआरएस की उपलब्धता बनाए रखने तथा नगर निकायों को पेयजल व छायादार स्थानों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही हीट वेव के दौरान विद्यालयों के संचालन समय में आवश्यकतानुसार परिवर्तन करने को भी कहा गया।
जिलाधिकारी ने कंबाइन व स्ट्रा रीपर संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि गेहूं कटाई के बाद ही भूसा निर्माण कार्य करें और अग्निशमन संबंधी सभी उपाय सुनिश्चित करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी एसडीएम को निर्देशित किया गया कि गांवों में ट्यूबवेल, तालाब सहित अन्य जल स्रोतों की मैपिंग कर उन्हें क्रियाशील किया जाए। लेखपालों व ग्राम सचिवों को ग्राम स्तर पर बैठक कर तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थानों पर कंबाइन व स्ट्रा रीपर संचालकों के साथ बैठक कर शासन के निर्देशों से अवगत कराने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही मशीनों के संचालन सुनिश्चित कराने को कहा।
बैठक से पूर्व जिला आपदा विशेषज्ञ द्वारा हीट वेव प्रबंधन एवं विभागवार मासिक प्रगति रिपोर्ट के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी निरंजन सुर्वे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ नवनाथ प्रसाद, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ प्रशांत कुमार, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता जल निगम आतिफ हुसैन सहित सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।


