बासपार कोठी में खौफनाक वारदात: पति को जिंदा जलाने का आरोप, पत्नी फरार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बासपार कोठी में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 65 वर्षीय महिला सुमित्रा पर अपने 70 वर्षीय पति रामपति को जिंदा जलाकर मारने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी और दहशत का माहौल है।


विवाद ने लिया भयावह रूप


जानकारी के मुताबिक, देर रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सुमित्रा ने पहले पति पर हमला किया और फिर कमरे में आग लगा दी। इतना ही नहीं, आग लगाने के बाद कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर ताला जड़ दिया और मौके से फरार हो गई।


धुएं से हुआ खुलासा, अंदर मिला जला शव


घर से धुआं उठता देख ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर रामपति का जला हुआ शव बरामद हुआ। इस मंजर को देख मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए।


पहले भी हो चुका था हमला


ग्रामीणों का कहना है कि सुमित्रा पहले भी अपने पति पर चाकू से हमला कर चुकी थी। उस समय मामला किसी तरह शांत हो गया था, लेकिन इस बार विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया।


पुलिस ने शुरू की कार्रवाई


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकीदार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि आरोपी महिला की तलाश में टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।


पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर हालात पर नजर रखी जा रही है।


इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *