हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज- सिसवा नगर में रविवार सायं भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला, जब श्रीश्याम मंडल, मारवाड़ी युवा मंच और श्रीश्याम महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय स्वर्ण जयंती श्रीश्याम महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निशान यात्रा और अखंड ज्योति प्रज्वलन से की गई, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने फीता काटकर शोभायात्रा को रवाना किया। इसके पश्चात मंदिर में विधिवत पूजन के बाद सुसज्जित रथ पर विराजमान श्याम प्रभु की झांकी ने सभी का मन मोह लिया। श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा भाव से रथ को खींचते हुए नगर भ्रमण कराया। जगह-जगह भक्तों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया, वहीं ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा।
यात्रा में महिलाओं की विशेष भागीदारी रही। महिला मंडल की सदस्याएं हाथों में निशान ध्वज लिए आगे-आगे चल रही थीं, जबकि अन्य श्रद्धालु लड्डू गोपाल की पालकी के साथ भक्ति भाव में लीन नजर आए।
भजन-कीर्तन की मधुर धुनों पर झूमते श्रद्धालुओं ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।

शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों—फलमंडी, स्टेट चौक, रामजानकी मंदिर, अमरपुरवा, गोपाल नगर और रेलवे स्टेशन रोड से होकर पुनः मंदिर परिसर पहुंची।
मंदिर लौटने के बाद श्याम प्रभु का विशेष श्रृंगार कर अखंड ज्योति स्थापित की गई। इसके साथ ही भजन संध्या का आरंभ हुआ, जिसमें गायक पूरी रात श्याम भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को भाव-विभोर करेंगे।
इस आयोजन में संदीप सिंहानिया, संत कुमार जालान, धीरज सिंहानिया, राधेश्याम सिंहानिया, दिनेश भालोटिया, गिरधारी केडिया, हरी भालोटिया, अशोक टिबड़ेवाल, मनोज सुल्तानिया, बाबूलाल अग्रवाल, रमेश सरावगी, जयप्रकाश भालोटिया, प्रहलाद अग्रवाल, रजनीश केडिया, बबलू शर्मा, अशोक शर्मा, बजरंगी अग्रवाल, रामू मित्तल, शिव केडिया, अरुण बागला, शारदा अग्रवाल, संगीता अग्रवाल, प्रिया सिंहानिया, उमा जालान, प्रेमलता सिंहानिया, राधा सरावगी, आशा रूंगटा, मीना बंका, सुधा अग्रवाल, क्षमता शर्मा और ज्योति सिंहानिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

