चेन्नई में तालाब में डूबने से युवक की मौत, चार माह पहले हुई थी शादी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स / सुनील मणि त्रिपाठी

धानी बाजार / महराजगंज जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत धानी बाजार निवासी एक युवक की चेन्नई में तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार धानी बाजार निवासी बुद्धिराम (पुत्र हथकड़ी) कुछ माह पूर्व रोजी-रोटी के सिलसिले में चेन्नई कमाने गया था। बीते दिन वहां एक तालाब में डूबने से उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि करीब चार माह पहले ही बुद्धिराम की शादी हुई थी। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी अचेत हो गई, वहीं मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों के अनुसार बुद्धिराम मिलनसार और मेहनती युवक था तथा अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसकी असमय मृत्यु से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।

इस संबंध में पूर्व प्रधान डॉ. कुंवर पाल सिंह ने बताया कि बुद्धिराम बेहद ही सज्जन और मेहनती व्यक्ति था, उसकी मृत्यु से गांव को अपूरणीय क्षति हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *