रामपुर बुजुर्ग में निर्माणाधीन पुलिया पर उठे सवाल, जर्जर दीवार पर काम से ग्रामीण नाराज

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



सवाल पूछने पर भड़के पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन, बोले  “ऑफिस आकर लें जानकारी”


हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज। महराजगंज-बागापार मुख्य मार्ग पर स्थित रामपुर बुजुर्ग में बन रही पुलिया को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि नई पुलिया का निर्माण पुराने और कमजोर ढांचे के ऊपर किया जा रहा है, जिससे भविष्य में हादसे की आशंका बढ़ गई है।


स्थानीय लोगों के मुताबिक, जर्जर दीवार पर निर्माण कार्य कराना तकनीकी रूप से गलत है और यह आमजन की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे लोगों में रोष व्याप्त है।


निर्माण स्थल पर समाजसेवी उमेश चंद मिश्र, काशी प्रसाद, उदयराज यादव, राम सिंह, अली रजा समेत कई ग्रामीण पहुंचे और कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए तत्काल रोक लगाने की मांग की। उनके साथ दृगपाल चौधरी, हरेन्द्र गौतम, प्रभुदयाल, सेराज आलम, पप्पू राव अंबेडकर, रमेश चौधरी सहित अन्य लोग भी विरोध में शामिल रहे।


ग्रामीणों का आरोप है कि बिना उचित तकनीकी परीक्षण और मानकों का पालन किए निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो भविष्य में बड़ी दुर्घटना हो सकती है।


इस संबंध में जब पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजकुमार मिश्र से जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “ऑफिस आकर जानकारी लें।” उनके इस रवैये से ग्रामीणों में और आक्रोश फैल गया है।


हालांकि एक्सईएन ने यह भी स्पष्ट किया कि नए निर्माण में पुरानी दीवार का उपयोग नहीं किया जा सकता, केवल चौड़ीकरण अलग से संभव है। इसके बावजूद मौके पर चल रहे कार्य को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।


ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *