नौतनवा तहसील क्षेत्र के हरलालगढ़ में पकड़ा गया तेंदुआ,ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स/ उमेश चन्द्र त्रिपाठी

नौतनवां /महराजगंज! नौतनवां तहसील क्षेत्र के हरलालगढ़ सहित कई गांव पिछले कई दिनों से तेंदुए के आतंक से परेशान ग्रामीणों को आखिरकार राहत मिल गई। वन विभाग और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से शुक्रवार देर शाम तेंदुआ को सफलतापूर्वक पकड़ लिया गया।

जानकारी के अनुसार, जंगल से सटे इस गांव में तेंदुआ अक्सर मवेशियों और ग्रामीणों पर हमला कर रहा था। इस भय के कारण ग्रामीण रातभर जागकर अपनी सुरक्षा का ध्यान रख रहे थे। तेंदुआ जंगल से भटककर गांव की ओर बढ़ रहा था, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई थीं।

ग्रामीणों ने भाजपा नेता प्रदीप पांडे को इस समस्या की जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर तेंदुआ पकड़ने का अभियान चलाने का आग्रह किया। वन विभाग ने हरलालगढ़ गांव में जाल और पिंजरा लगाया, जिसमें बकरे को चारे के रूप में रखा गया। जैसे ही तेंदुआ शिकार की ओर बढ़ा, वह पिंजरे में फंस गया।

फिलहाल तेंदुआ सुरक्षित रूप से पिंजरे में बंद है, और वन विभाग की टीम उसे जंगल में छोड़ने की तैयारी में जुटी हुई है। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद गांव में खुशी का माहौल है और लोगों ने राहत की सांस ली है।

ग्रामीणों ने वन विभाग और स्थानीय लोगों को इस समस्या को सुलझाने के लिए धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *