राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग में गोल्ड जीतने वाली अलीजा का सम्मान, युवा नेता निर्भय सिंह ने बढ़ाया हौसला

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

परतावल/महराजगंज। पनियरा विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता प्रेमशंकर उर्फ निर्भय सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर रोलर स्केटिंग में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली परतावल बाजार की बेटी अलीजा परवीन अंसारी को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


हाल ही में गोवा में आयोजित राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में अलीजा परवीन अंसारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) अपने नाम किया।

इस उपलब्धि के साथ उनका चयन आगामी अंतरराष्ट्रीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता के लिए इंडोनेशिया में भी हो गया है। अलीजा की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।


सम्मान समारोह के दौरान प्रेमशंकर उर्फ निर्भय सिंह ने कहा कि अलीजा क्षेत्र के बच्चों और अभिभावकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने कहा कि यदि बेटियों को उचित अवसर और परिवार का सहयोग मिले तो वे हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर सकती हैं।

उन्होंने अलीजा के माता-पिता को भी बधाई देते हुए कहा कि उनकी इस उपलब्धि से जनपद, प्रदेश और देश का गौरव बढ़ा है।


निर्भय सिंह ने आश्वासन दिया कि अलीजा को सरकार की ओर से मिलने वाले हर संभव सहयोग के लिए वह अपने स्तर से पूरा प्रयास करेंगे।


इस अवसर पर संतोष जायसवाल, असगर अली, इजहार अंसारी, फिरोज, कौशल श्रीवास्तव, गोपाल, उमेश गुप्ता, उमेश शर्मा, आकाश, विजय प्रजापति सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *