बागापार विद्यालय में 30 मार्च को सजेगा शिक्षा महोत्सव, मेधावी छात्र होंगे सम्मानित

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


वार्षिकोत्सव 2026 के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज। सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत “सब पढ़ें, सब बढ़ें” के उद्देश्य को साकार करने की दिशा में सदर ब्लॉक अंतर्गत कम्पोजिट विद्यालय बागापार में 30 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे से वार्षिकोत्सव एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर विद्यालय परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं और क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।


विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि इस अवसर पर विद्यालय के मेधावी एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे उनकी प्रतिभा को मंच मिलने के साथ आत्मविश्वास का विकास भी होगा।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती रिद्धी पाण्डेय उपस्थित रहेंगी। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि सदर विवेक कुमार गुप्ता तथा खण्ड शिक्षा अधिकारी सदर सुदामा जी की उपस्थिति प्रस्तावित है। अतिथि विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए शिक्षा के महत्व पर अपने विचार साझा करेंगे।


ग्राम प्रधान बागापार विवेक प्रताप सिंह (निक्कु भैया) ने क्षेत्र के अभिभावकों एवं ग्रामीणों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करें। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।


विद्यालय परिवार द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। अभिभावकों, ग्रामीणों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों की बड़ी भागीदारी के साथ यह आयोजन शिक्षा के उत्सव के रूप में यादगार बनने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *