दिनदहाड़े ज्वेलर्स को चकमा देकर दो लाख के सोने के आभूषण लेकर भागा युवक

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


भिटौली (महराजगंज)। भिटौली थाना क्षेत्र के अगया पुल स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान पर गुरुवार दोपहर एक शातिर युवक ग्राहक बनकर पहुंचा और दुकानदार की बेटी को झांसा देकर करीब दो लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपी की तलाश में जुटी है।


जानकारी के अनुसार, भिटौली बाजार निवासी शैलेश वर्मा अगया पुल पर श्याम ज्वेलर्स के नाम से दुकान संचालित करते हैं। गुरुवार दोपहर करीब दो बजे उनकी बेटी दुकान पर अकेली थी। इसी दौरान लगभग 28 वर्षीय युवक ग्राहक बनकर आया और सोने की बाली दिखाने की बात कही।
दुकान पर मौजूद युवती ने जैसे ही आभूषण उसके हाथ में दिए, आरोपी अचानक तीन जोड़ी सोने की बाली लेकर दौड़ पड़ा और देखते ही देखते फरार हो गया। पीड़ित के मुताबिक चोरी गए आभूषणों का कुल वजन करीब 16 ग्राम है, जिसकी कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी गई है।


घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। बताया जा रहा है कि यही युवक धर्मपुर चौराहे की एक अन्य ज्वेलर्स की दुकान पर भी वारदात की नीयत से पहुंचा था, लेकिन वहां सफल नहीं हो सका।


सूचना मिलते ही भिटौली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपी की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *