टीईटी अनिवार्यता के विरोध में महराजगंज से 500+ शिक्षकों की तैयारी, समीक्षा बैठक में बनी रणनीति
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (TFI) के बैनर तले प्रस्तावित “दिल्ली चलो अभियान” को सफल बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पर्यवेक्षक राजेश धर दूबे की मौजूदगी रही, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी ने की।
बैठक में वक्ताओं ने वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी अनिवार्यता लागू करने के फैसले को अनुचित बताते हुए इसका जोरदार विरोध किया। जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी ने कहा कि यह निर्णय शिक्षकों के साथ अन्याय है और इसके खिलाफ 4 अप्रैल 2026 को बड़ी संख्या में शिक्षक दिल्ली पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बैजनाथ सिंह ने सभी शिक्षकों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि टीईटी और नॉन-टीईटी का भेदभाव छोड़कर सभी को एक मंच पर आना होगा। वहीं पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलामंत्री उपेंद्र पांडेय ने जानकारी दी कि महराजगंज से सैकड़ों शिक्षक दिल्ली जाने की तैयारी में हैं।
मंडलीय संगठन मंत्री ज्ञानेंद्र ओझा ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर हर जिले में समीक्षा बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि आंदोलन को मजबूत किया जा सके। उन्होंने अधिक से अधिक शिक्षकों से दिल्ली पहुंचने की अपील की।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश धर दूबे ने आंदोलन को निर्णायक बताते हुए कहा कि यह शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है, जिसमें सभी की सहभागिता जरूरी है। बैठक का संचालन कर रहे जिलामंत्री सत्येंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि अब तक 430 शिक्षक दिल्ली जाने के लिए तैयार हो चुके हैं और जल्द ही यह संख्या 500 के पार पहुंचने की उम्मीद है।
बैठक में गोरखपुर के जिला संयुक्त मंत्री युगेश शुक्ला समेत विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। अंत में सभी ने एकजुट होकर 4 अप्रैल को दिल्ली पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।


