अफवाहों के बीच डीएम ने किया पेट्रोल पंपों का निरीक्षण, कहा पर्याप्त है ईंधन अफवाह से बचें
महराजगंज, 27 मार्च 2026। जनपद में पेट्रोल एवं डीजल की सुचारू उपलब्धता और वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने शुक्रवार को स्वयं एसडीएम सदर और जिला पूर्ति अधिकारी के साथ विभिन्न पेट्रोल पंपों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सबसे पहले पकड़ी स्थित पेट्रोल पंप पहुंचे, जहां उन्होंने उपलब्ध स्टॉक और आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली। पंप संचालक ने बताया कि पेट्रोल का कुल स्टॉक 34,002 लीटर था, जिसमें से लगभग 5,000 लीटर की बिक्री हो चुकी है। वहीं डीजल का स्टॉक 43,792 लीटर था, जिसमें 3,523 लीटर की बिक्री हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तेल कंपनियों द्वारा नियमित आपूर्ति की जा रही है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। हालांकि सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं के कारण लोग जरूरत से अधिक ईंधन खरीद रहे हैं, जिससे पंपों पर भीड़ बढ़ रही है।
इसके बाद जिलाधिकारी महुअवा ढाला स्थित मा बोकड़ा देवी फिलिंग स्टेशन पहुंचे, जहां भी पेट्रोल-डीजल की बिक्री सामान्य रूप से संचालित पाई गई। यहां पेट्रोल का कुल स्टॉक 23,890 लीटर था, जिसमें से 8,161 लीटर की बिक्री हो चुकी थी। वहीं डीजल का स्टॉक 14,419 लीटर था और निरीक्षण के समय तक मात्र 91 लीटर की बिक्री दर्ज की गई। पंप संचालक ने बताया कि बिक्री सामान्य है, लेकिन उपभोक्ताओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में अधिक है।
जिलाधिकारी ने पंप संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में गैलन या डिब्बों में ईंधन की बिक्री न की जाए। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों या असामान्य खरीद की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करने को कहा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचें और केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन खरीदें।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
जानकारी के अनुसार, जनपद में कुल 134 पेट्रोल पंप संचालित हैं, जहां वर्तमान में 1036 किलोलीटर डीजल और 842 किलोलीटर पेट्रोल उपलब्ध है। 26 मार्च को जनपद में 650 किलोलीटर डीजल और 376 किलोलीटर पेट्रोल की बिक्री दर्ज की गई है।

