हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज।जिले में मेडिकल शिक्षा के नाम पर बड़ी ठगी का मामला प्रकाश में आया है, जहां एक डॉक्टर से NEET PG में प्रवेश दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित डॉक्टर प्रभात कुमार सिंह ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि आरोपियों ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए नेपाल के काठमांडू स्थित मेडिकल कॉलेज में एडमिशन कराने का भरोसा दिलाया। इस दौरान उनसे किस्तों में कुल 55 लाख रुपये वसूल लिए गए। रकम देने के बाद भी जब प्रवेश की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई तो पीड़ित को शक हुआ।
डॉक्टर के अनुसार, पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने पहले बहानेबाजी की और बाद में धमकाने लगे। आरोप है कि उन्हें जान से मारने तक की धमकी दी गई।
सदर कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विक्की त्रिपाठी और विनोद धीमन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के सामने आने के बाद जिले में मेडिकल प्रवेश के नाम पर चल रहे संभावित फर्जीवाड़ों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के एडमिशन या नौकरी के नाम पर बड़ी रकम देने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य कर लें।


