महराजगंज जिले में निराश्रित गोवंश की समस्या के समाधान की दिशा में प्रशासन ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। शासन की योजना के तहत अब पनियरा विधानसभा क्षेत्र में भी वृहद गोसदन स्थापित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए परतावल क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए उपयुक्त भूमि की खोज तेज कर दी गई है।
मालूम हो कि जिले की अन्य चार विधानसभा क्षेत्रों नौतनवा के कोट कम्हरिया में, फरेंदा के मधुकर महदेवा में, सदर के अहमदपुर हड़हवा में और सिसवा के मधवलिया में पहले से ही बड़े गोसदन संचालित हैं, जहां निराश्रित गोवंश के संरक्षण की व्यवस्था की गई है। पनियरा क्षेत्र अब तक इस सुविधा से वंचित था, जिसे ध्यान में रखते हुए यहां गोसदन स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
प्रशासन एक हेक्टेयर बंजर भूमि की तलाश कर रहा है, ताकि गोसदन निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान तय किया जा सके। भूमि चयन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं और प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एजाज अहमद के अनुसार, भूमि चिन्हांकन के लिए सदर उपजिलाधिकारी को पत्र भेजा गया है। जल्द ही स्थान तय होने के बाद निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। इस पहल से क्षेत्र में निराश्रित गोवंश के संरक्षण और प्रबंधन को नई दिशा मिलने की उम्मीद
है।

