हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। परतावल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बेलवा बुजुर्ग स्थित राज पब्लिक स्कूल में सोमवार को वार्षिक उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में युवा नेता निर्भय सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ, जिसमें अर्पिता, वेदिका, नेहा, सृष्टि और आलिया ने मनमोहक प्रस्तुति दी। इसके बाद अर्पिता और नेहा ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया।
इस दौरान छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने सभी को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में बाहर से आए कलाकारों का भी विशेष योगदान रहा।
विद्यालय के प्रबंधक तीर्थराज, प्रधानाचार्य राहुल यादव सहित समस्त विद्यालय परिवार की उपस्थिति में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों की भारी उपस्थिति रही, जिससे पूरे आयोजन का उत्साह और बढ़ गया।

