दो और गिरफ्तार, शेष आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस
लाइन से कट रही पर्ची के एक सप्ताह बाद मिल रहा सिलिंडर
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
परतावल /महराजगंज : नगर पंचायत परतावल के राज गैस एजेंसी पर गैस वितरण के दौरान हुए विवाद के बाद पुलिस ने 21 मार्च को गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्ती बढ़ा दी है। सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस की निगरानी में सिलिंडर वितरण कराया गया, जहां उपभोक्ताओं को लाइन में लगाकर क्रमवार पर्ची काटकर गैस दी गई।

बताया जाता है कि 20 मार्च की सुबह लगभग 8 बजे बिना पर्ची एवं ओटीपी के गैस लेने को लेकर विवाद हो गया था। इस दौरान कुछ मनबढ़ युवकों ने मारपीट करते हुए पथराव कर दिया था। घटना का वीडियो भी सोशल नेटवर्क पर प्रसारित हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
मालूम हो कि नगर पंचायत परतावल स्थित राज गैस एजेंसी पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कांस्टेबल राजकुमार सिंह एवं लोकेश चौहान की उपस्थिति में गैस पर्ची कटवाने का कार्य कराया गया। पुलिस की मौजूदगी में लाइन लगवाकर पर्चियां काटी गईं और उसी आधार पर सिलिंडर का वितरण किया गया। अव्यवस्था रोकने के लिए एजेंसी परिसर में दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
एजेंसी के अनुसार बताया गया कि 16 मार्च की बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को 22 मार्च को सिलिंडर दिया गया है, जबकि 17 मार्च की बुकिंग का वितरण 23/24 मार्च को किया जाएगा। ऐसे में उपभोक्ताओं को करीब एक सप्ताह तक इंतजार करना पड़ रहा है।
उधर, मामले में पुलिस कार्रवाई जारी है। पुलिस ने भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरगदही निवासी सोनकेश और श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बसवार निवासी कयामुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
थानाध्यक्ष श्यामदेउरवा अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि संजय गौतम की तहरीर के आधार पर एससीएसटी एक्ट, मारपीट और जान से मारने की धमकी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। दो और आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया है, शेष की तलाश जारी है।


