हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज जिले के मिठौरा विकास खंड के ग्राम पंचायत बरोहिया में आयोजित 9 दिवसीय श्री श्री 108 श्री शतचंडी महायज्ञ के दौरान रविवार को रामलीला मंचन का दृश्य बेहद आकर्षक और भावनात्मक रहा। मां खैरा देवी आदर्श रामलीला मंडल तकरारी के कलाकारों ने राजा जनक की पुत्री माता सीता के जन्म प्रसंग का ऐसा जीवंत चित्रण किया कि पांडाल में मौजूद श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
मंचन के दौरान जैसे ही माता सीता के प्राकट्य का दृश्य प्रस्तुत हुआ, पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा। दर्शकों ने तालियों और “जय श्री राम” के उद्घोष के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक परंपरा को भी मजबूती दी।
महायज्ञ के प्रारंभ से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर, आहुति देकर और रामलीला का आनंद लेकर भक्ति रस में सराबोर हो रहे हैं। यज्ञाचार्य पंडित राकेश मिश्रा एवं भोलू पाण्डेय सहित अन्य आचार्यों द्वारा उच्चारित वैदिक मंत्रों और भक्तिगीतों से वातावरण पूर्णतः भक्तिमय बना हुआ है।
यज्ञ समिति द्वारा स्थल पर स्वच्छता, प्रकाश, जलपान, भोजन एवं ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। साधु-संतों और आगंतुकों के स्वागत में भी कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है। यह महायज्ञ जनसहयोग से जनकल्याण की भावना के साथ आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के सफल संचालन में समिति के संरक्षक व ग्राम प्रधान गिरिजेश गुप्ता, राघवेंद्र पाण्डेय, अध्यक्ष सोनू गुप्ता, कोषाध्यक्ष गजेन्द्र चौधरी, महंत किशुन गिरी सहित अनेक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही। आयोजन को सुचारू और सफल बनाने में सभी का योगदान महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।


