दरोगा पर 16,100 रुपये रिश्वत लेने का आरोप, CCTV फुटेज वायरल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


पैसे न देने पर जेल भेजने की धमकी का दावा, एसपी से शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग


महराजगंज जिले के बरगदवा थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है। पिपरा निवासी राकेश कुमार अग्रहरी ने हल्का दरोगा अवधेश यादव पर रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।


शिकायत के अनुसार, दरोगा ने एक मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगाने के एवज में 25 हजार रुपये की मांग की थी। आरोप है कि रकम न देने पर गंभीर धाराओं में जेल भेजने की धमकी दी गई। राकेश का कहना है कि भय के कारण उन्होंने 19 मार्च 2026 को अपनी दुकान पर ही दरोगा को 16,100 रुपये दे दिए।


बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में आवाज सहित रिकॉर्ड हो गई है। वहीं, शेष रकम के लिए लगातार दबाव बनाए जाने और पुलिस पिकेट पर भी पैसे मांगने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित का कहना है कि रुपये न देने पर दोबारा जेल भेजने की धमकी दी जा रही है।
इस बीच, कथित लेन-देन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामला और तूल पकड़ गया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।


पीड़ित राकेश कुमार अग्रहरी ने एसपी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर संबंधित दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब सबकी नजरें पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *