लखनऊ परीक्षा देने गया युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, परिवार में मचा कोहराम

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स / सुनील मणि त्रिपाठी


महराजगंज। वृजमनगंज थाना क्षेत्र के धानी ब्लॉक में कार्यरत पंचायत सहायक संजय शर्मा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। युवक बीते दिनों लखनऊ प्रतियोगी परीक्षा देने गया था, लेकिन 19 मार्च को घर लौटते समय रास्ते से ही गायब हो गया।


परिजनों के अनुसार, संजय शर्मा 19 मार्च को परीक्षा देकर वापस धानी बाजार आ रहा था। पिता अशोक कुमार ने बताया कि अंतिम बार बेटे से बातचीत के दौरान उसने कहा था कि वह फैजाबाद-हरैया के बीच पहुंच चुका है और दो-तीन घंटे में घर पहुंच जाएगा। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और वह घर नहीं पहुंचा।


काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


इस मामले में पिता द्वारा वृजमनगंज थाने में प्रार्थना पत्र दिया गया है। चौकी प्रभारी आलोक राय ने बताया कि गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सर्विलांस के माध्यम से युवक की तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही युवक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *