फर्जी आईएएस बनकर रचाई शादी, दहेज में ऐंठे लाखों ,ससुराल पहुंचते ही खुली सच्चाई, दुल्हन को बेचने की थी साजिश

उत्तर प्रदेश गोरखपुर

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो गोरखपुर


गोरखपुर जनपद में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खुद को आईएएस अधिकारी बताकर एक युवक ने युवती से शादी कर ली और दहेज के नाम पर लाखों रुपये हड़प लिए। शादी के बाद जब दुल्हन ससुराल पहुंची तो हकीकत सामने आने पर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।


जानकारी के अनुसार कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर निवासी एक परिवार अपनी पुत्री के लिए योग्य वर की तलाश में था। इसी दौरान “निषाद विवाह ग्रुप” के माध्यम से इटावा के इकदिल क्षेत्र निवासी प्रीतम कुमार निषाद का बायोडाटा मिला। युवक ने खुद को आईएएस अधिकारी बताते हुए अपनी तैनाती मणिकपुर में बताई। भरोसा दिलाने के लिए उसने कथित इंटरव्यू, ऑफिस और कुछ नेताओं के साथ तस्वीरें व वीडियो भी साझा किए।


युवक की बातों पर विश्वास कर परिजनों ने रिश्ता तय कर दिया। सगाई से पहले ही युवक ने शादी के खर्च के नाम पर 15 लाख रुपये की मांग की। मजबूरी में लड़की पक्ष ने सगाई के दिन 10 लाख रुपये नकद दिए, जबकि शेष 5 लाख रुपये तिलक में अदा किए।


11 मार्च 2026 को नंदानगर स्थित दुर्गा मैरिज लॉन में धूमधाम से शादी संपन्न हुई, जिसमें लड़की पक्ष ने करीब 30 लाख रुपये खर्च किए। विदाई के बाद जब दुल्हन ससुराल पहुंची तो वहां का माहौल और स्थिति पूरी तरह विपरीत मिली। एक छोटे से मकान में रह रहे दूल्हे के परिवार को देखकर दुल्हन को शक हुआ।


इसी बीच जांच-पड़ताल में यह खुलासा हुआ कि युवक आईएएस अधिकारी नहीं, बल्कि फर्जीवाड़ा कर शादी रचाने वाला ठग है। सच्चाई सामने आने पर दुल्हन ने अपने पिता को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन इटावा पहुंचे, जहां एक कमरे के मकान में बेटी मिली, जबकि आरोपी युवक और उसकी बहन मौके से फरार हो गए।


पीड़िता ने अपने पिता को बताया कि रास्ते में आरोपी उसके साथ छेड़छाड़ कर रहा था और उसे गोवा ले जाकर बेचने की साजिश रच रहा था। यह सुन परिजनों के होश उड़ गए।
मामले में पीड़िता के पिता ने कैंट थाने में आरोपी प्रीतम निषाद और उसके परिवार के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।

इस संबंध में एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि आरोपों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी पहले भी फर्जी पहचान के आधार पर दो शादियां कर चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *