हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज जनपद के पनियरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा हेमछापर के पोखरा टोला में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अधेड़ व्यक्ति का शव नीम के पेड़ से लटकता हुआ मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पनियरा पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि छावनी परिसर में रह रहे करीब 50 वर्षीय सुभाष पासवान, निवासी ग्राम जिंदापुर, थाना पीपीगंज, जनपद गोरखपुर, पिछले लगभग आठ महीनों से यहां कार्यरत थे। शनिवार सुबह उनका शव प्लास्टिक की रस्सी के सहारे पेड़ से लटका मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छावनी मालिक मेराज जफर हाशमी की मौजूदगी में शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक पिछले कुछ दिनों से तनाव में बताया जा रहा था।
इस संबंध में थानाध्यक्ष पनियरा राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं।

