हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पकड़िया बिशनपुर (कोटिया धुस) में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुए ने मुर्गी फार्म पर हमला कर पालतू कुत्ते को घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि तेंदुआ हमले के बाद एक कमरे में कैद हो गया, जिससे आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सभा कोटिया निवासी धनंजय यादव ने बताया कि उनके मुर्गी फार्म के आसपास पिछले कई दिनों से तेंदुआ देखा जा रहा था। 20 मार्च 2026 की रात तेंदुए ने अचानक फार्म पर हमला कर दिया और वहां मौजूद कुत्ते को निशाना बनाया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेंदुआ स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कोटिया धुस क्षेत्र में दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहता है। छोटे-छोटे बच्चे भी बकरी और भैंस चराने के लिए इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में भय का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।


