विकास भवन में अफसर पर हमला, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



डीसी मनरेगा से मारपीट के बाद कर्मचारियों में रोष, डीएम को सौंपा ज्ञापन; आरोपी की गिरफ्तारी की मांग


हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। विकास भवन स्थित श्रम रोजगार कार्यालय में उपायुक्त (डीसी मनरेगा) गौरवेंद्र सिंह पर हुए हमले के बाद जिला प्रशासनिक तंत्र में हलचल तेज हो गई है। घटना को लेकर प्रादेशिक विकास सेवा संगठन की महराजगंज इकाई ने आपात बैठक कर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।


बैठक जिला विकास अधिकारी के कक्ष में आयोजित की गई, जहां अधिकारियों ने इस घटना को गंभीर सुरक्षा चूक करार दिया। जानकारी के अनुसार 18 मार्च की शाम उपायुक्त अपने कार्यालय में सरकारी कार्यों का निष्पादन कर रहे थे, तभी घुघली ब्लॉक के बर्खास्त तकनीकी सहायक अरविंद कुमार श्रीवास्तव अचानक कार्यालय में पहुंच गया और दो वर्ष पुराने वेतन की मांग करने लगा।


उपायुक्त द्वारा बताया गया कि वेतन वसूली की आरसी जारी की जा चुकी है और मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। इस पर आरोपी आक्रोशित हो गया और कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। हमले में अधिकारी के हाथ, पेट और चेहरे पर चोटें आईं। आरोप है कि आरोपी ने कार्यालय की महत्वपूर्ण फाइलें भी फाड़ दीं और मौके पर पिस्टल होने की आशंका से अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


घटना के बाद आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। इस घटना से विकास भवन के अधिकारियों और कर्मचारियों में भय और आक्रोश व्याप्त है।
घटना के विरोध में संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपकर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई और अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।


ज्ञापन सौंपने के दौरान डीडीओ भोलानाथ कन्नौजिया, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, डीसी मनरेगा गौरवेंद्र सिंह, बीडीओ राहुल सागर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *