स्थलीय निरीक्षण कर दोनों पक्षों को दिए सुलह के निर्देश, ग्रामीणों को समाधान की आस
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
भिटौली/महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के तरकुलवा तिवारी गांव में रास्ते को लेकर चल रहा विवाद अब प्रशासनिक स्तर पर पहुंच गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे प्रकरण का स्थलीय निरीक्षण किया।
गांव के केवटान टोले के ग्रामीणों का कहना है कि उनके पास आवागमन के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं है। लंबे समय से रास्ते की मांग उठती रही, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया। इसी बीच तीन दिन पहले ग्रामीणों ने बस्ती तक पहुंचने के लिए खाली पड़ी जमीन पर रास्ता बनाने की कोशिश शुरू की, जिस पर संबंधित भू-स्वामी ने आपत्ति जता दी। इसके बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मामले की नाजुक स्थिति को देखते हुए राजस्व टीम के साथ पहुंचे एसडीएम ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आपसी सहमति और समझदारी से रास्ते का स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि भविष्य में किसी तरह का विवाद न हो।
इस दौरान थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरे समय शांति व्यवस्था बनाए रखी।
प्रशासन की सक्रियता के बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि वर्षों से चली आ रही रास्ते की समस्या का जल्द ही ठोस समाधान निकल सकेगा।

