पट्टीदारों से विवाद के बाद युवक की संदिग्ध मौत, चार दिन तक अंतिम संस्कार टला

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

सीओ के आश्वासन पर माने परिजन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई; तीन मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज जिले के नौतनवां थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत धोतियहवा बनिया टोला में 30 वर्षीय हरिप्रकाश की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने तूल पकड़ लिया है। घटना के बाद परिजनों ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर चार दिनों तक शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। अंततः क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम और थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव के आश्वासन पर परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।


जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम करीब 4:30 बजे हरिप्रकाश का अपने पट्टीदारों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस दौरान उसकी पत्नी निशा गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि हरिप्रकाश को भी चोटें आने की बात सामने आई है। परिजनों का कहना है कि मारपीट के बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई।


बताया जा रहा है कि परिवार सूरत जाने की तैयारी में था, लेकिन घटना के बाद योजना बदल गई। पत्नी के घायल होने और खुद की तबीयत खराब होने के चलते हरिप्रकाश ससुराल कोल्हुई थाना क्षेत्र के कुशहा गांव के लिए निकला। रास्ते में अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।


सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद से गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है। उधर, घायल पत्नी का इलाज जारी है, जबकि मृतक के तीन मासूम बच्चे सौम्या (8), शुभी (6) और ऋषभ (3) पिता की मौत के बाद बेसहारा हो गए हैं।


परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपियों के खिलाफ समय पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, जिससे नाराज होकर उन्होंने चार दिनों तक अंतिम संस्कार रोक दिया। उनका कहना था कि जब तक मुकदमा दर्ज कर उसकी प्रति नहीं दी जाएगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।


सीओ अंकुर गौतम ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *