सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल, प्रधान व सफाई कर्मी पर मिलीभगत और धमकी के आरोप
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज जनपद के परतावल ब्लॉक क्षेत्र के तरकुलवा उर्फ भटगांव में फैली गंदगी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। गांव में जगह-जगह जमा कचरे और बदहाल सफाई व्यवस्था से तंग आकर लोगों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सफाई की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। आरोप है कि ग्राम प्रधान और सफाई कर्मी की आपसी मिलीभगत के चलते शिकायतों को नजरअंदाज किया जा रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
इतना ही नहीं, कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उन्हें धमकाया जाता है, जिससे लोगों में डर और नाराजगी दोनों बढ़ रहे हैं। गांव में फैली गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है और कई लोग बीमार पड़ चुके हैं।
फिलहाल, ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। अब यह देखना अहम होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर कब तक ठोस कदम उठाते हैं।

