इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती, वीडियो बनाकर तीन साल तक शोषण; आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज जिले  के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर एक युवती का अश्लील वीडियो बनाकर लंबे समय तक दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला मु0अ0सं0 80/2026 के तहत दर्ज किया गया है।


श्यामदेउरवा पुलिस के अनुसार आरोपी अजय गौड़ (पुत्र राजेश गौड़), निवासी बरगदवा चौराहा खास, ने इंस्टाग्राम के माध्यम से युवती से संपर्क कर पहले दोस्ती की। इसके बाद मोबाइल नंबर हासिल कर बातचीत शुरू की और परिजनों को जानकारी देने की धमकी देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि उसने घटना का वीडियो भी बना लिया और करीब तीन वर्षों तक उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार दुष्कर्म करता रहा। इस दौरान उसने पीड़िता से करीब 10 हजार रुपये नकद और सोने के आभूषण भी ले लिए।


इस मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(1) (बार-बार दुष्कर्म), 351(3) (आपराधिक धमकी), 352 (हमला/बल प्रयोग) तथा 308(2) (गंभीर अपराध से संबंधित प्रावधान) के साथ ही आईटी एक्ट की धारा 67ए (अश्लील सामग्री का इलेक्ट्रॉनिक प्रसारण) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।


श्यामदेउरवा पुलिस ने आरोपी को बरगदवा नहर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *