सुरक्षा, साफ-सफाई और यातायात पर विशेष जोर, श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज, 17 मार्च 2026।आगामी रामनवमी और नवरात्रि त्योहार को लेकर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने थाना बृजमनगंज क्षेत्र स्थित लेहड़ा मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात रूट और अन्य तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुरुष और महिलाओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही बीडीओ और ईओ बृजमनगंज को मंदिर परिसर व आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने मंदिर के पास मोबाइल शौचालय और स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था करने को कहा। इसके अलावा मंदिर मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने पार्किंग, बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था को लेकर सीओ फरेंदा को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भीड़भाड़ के दौरान महिला सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
इस दौरान एसडीएम फरेंदा शैलेन्द्र गौतम सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


