हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज जिले में नवागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) सुरजीत सिंह के कार्यभार संभालने के बाद उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने उनसे शिष्टाचार भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान शिक्षक प्रतिनिधियों ने विभागीय समस्याओं, महंगाई भत्ता एरियर और लंबित वेतन भुगतान सहित विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
संघ के जिलामंत्री सत्येंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बीएसए को पुष्पगुच्छ, शाल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। बैठक में शिक्षकों ने विद्यालयी व्यवस्थाओं, विभागीय कार्यों के सरलीकरण तथा लंबित मामलों के निस्तारण को लेकर अपने सुझाव रखे।
बीएसए सुरजीत सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए सभी पक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक और व्यावहारिक पहल की जाएगी।
बैठक के बाद शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक शिक्षा) अबरार आलम से भी मुलाकात की। इस दौरान 58 से 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता अंतर की एरियर राशि तथा एक दिन की वेतन कटौती से संबंधित लंबित भुगतान का मुद्दा उठाया गया।
वित्त एवं लेखाधिकारी ने बताया कि डीए एरियर से जुड़े बिल संशोधन के लिए संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों को भेजे जा चुके हैं। आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण होते ही भुगतान की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। साथ ही अन्य लंबित एरियर मामलों का परीक्षण कर समयबद्ध निस्तारण का आश्वासन भी दिया गया।
इस अवसर पर शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष राघवेंद्र पाण्डेय, कोषाध्यक्ष मनौव्वर अली, संयुक्त मंत्री अखिलेश पाठक, नवीन शुक्ला, विजय यादव, मनोज वर्मा, चंद्रभूषण पटेल, धीरज शाही समेत बड़ी संख्या में शिक्षक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
#महराजगंज #बीएसए #शिक्षक_संघ #डीए_एरियर #बेसिक_शिक्षा #TeacherNews #MaharajganjNews

