भिटौली दुर्गा मंदिर में चोरों ने  बोला धावा , दो दान पेटियां साफ

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



श्रद्धास्थल भी नहीं सुरक्षित, बढ़ती चोरियों से क्षेत्र में दहशत


भिटौली। महराजगंज जिले के भिटौली क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं ने अब धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 730 पर स्थित भिटौली दुर्गा मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए मंदिर की दो दान पेटियां चोरी कर लीं। घटना के बाद श्रद्धालुओं में आक्रोश और इलाके में भय का माहौल है।


सुबह जब पुजारी राधेश्याम तिवारी पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो दान पेटियां गायब देख उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मंदिर समिति ने स्थानीय पुलिस को अवगत कराया।


गौरतलब है कि इससे पहले भी 12 जनवरी को कामता चौक स्थित दुर्गा मंदिर में दान पेटी चोरी की घटना सामने आ चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से लोगों में यह चर्चा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे व्यस्त इलाके में स्थित मंदिर भी अब सुरक्षित नहीं रह गए हैं।


श्रद्धालुओं का आरोप है कि यदि रात्रि गश्त प्रभावी होती तो चोर इस तरह की वारदात को अंजाम नहीं दे पाते। लगातार हो रही चोरियों से न सिर्फ लोगों की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंच रही है, बल्कि पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्र में डर और नाराजगी दोनों का माहौल बना हुआ है।

भिटौली थाना प्रभारी ने बताया कि मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *