गैस की कालाबाजारी रोकने को जिला प्रशासन सख्त, कंट्रोल रूम स्थापित

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


शिकायत के लिए जारी हुआ नंबर, चारों तहसीलों में प्रवर्तन दल करेंगे औचक छापेमारी

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज, 14 मार्च। जनपद में घरेलू एलपीजी गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर गैस वितरण से संबंधित शिकायतों और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है।


जारी प्रेस नोट के अनुसार कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर 8423675896 निर्धारित किया गया है, जिस पर आमजन अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवनीत गोयल को बनाया गया है, जबकि उपजिलाधिकारी विजय यादव प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से अपराह्न 2 बजे तक कंट्रोल रूम के कार्यों का पर्यवेक्षण करेंगे।


जिलाधिकारी ने चारों तहसीलों के उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को भ्रमणशील रहकर एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई एजेंसी या व्यक्ति अवैध भंडारण अथवा कालाबाजारी में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।


प्रशासन ने गैस एजेंसियों पर सामान्य वितरण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस सिलेंडर मिल सके। जिलाधिकारी के निर्देश पर चारों तहसीलों में प्रवर्तन दल गठित किए गए हैं, जो औचक छापेमारी कर स्टॉक रजिस्टर और वितरण व्यवस्था की जांच करेंगे। इस अभियान में राजस्व विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, तेल कंपनियों के नोडल अधिकारियों के साथ स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी शामिल रहेगी।


जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया और विभिन्न चैनलों पर प्रसारित संदेशों व वीडियो पर कड़ी नजर रखने तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया है। साथ ही गैस सिलेंडर ले जाने वाले वाहनों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि वितरण के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति न बने।


प्रशासन के अनुसार भारत सरकार द्वारा फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी वितरण के लिए ओटीपी के माध्यम से रीफिल डिलीवरी की व्यवस्था लागू की जा रही है। उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं और बुकिंग के बाद सिलेंडर की आपूर्ति होम डिलीवरी के जरिए की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से गैस का भंडारण न करने और एजेंसियों पर भीड़ न लगाने की अपील की है।


प्रेस नोट के अनुसार 13 मार्च 2026 को जनपद में घरेलू गैस सिलेंडर की 9663 बुकिंग दर्ज हुई, जबकि पिछले दिन 11163 बुकिंग हुई थी। 13 मार्च 2026 को 15343 सिलेंडरों के स्टॉक के सापेक्ष 9761 सिलेंडरों की बिक्री हुई। 14 मार्च को घरेलू गैस सिलेंडरों का प्रारंभिक स्टॉक 5582 है और वितरण सुचारु रूप से जारी है।


जनपद में वर्तमान में आईओसीएल की 18, बीपीसीएल की 9 और एचपीसीएल की 20 एजेंसियों के माध्यम से एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *