आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण, एसडीएम व सीओ ने ग्रामीणों को समझाने का किया प्रयास
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा लोहरौली निवासी केदार गौंड की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद शनिवार को क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए आक्रोशित लोगों ने शव को ठूठीबारी–निचलौल मुख्य मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया।
प्रदर्शन के दौरान कई ग्रामीण सड़क पर बैठ गए, जबकि कुछ लोग सड़क पर लेटकर विरोध जताने लगे। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष एकत्र हो गए, जिससे मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। ग्रामीण आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निचलौल के एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता और सीओ बसंत सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। इस दौरान ठूठीबारी थानाध्यक्ष नवनीत नागर, निचलौल थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा और चौक थानाध्यक्ष योग प्रकाश गुप्ता भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों के समझाने के बाद भी ग्रामीण मौके पर डटे रहे।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की देर शाम ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतक के पुत्र अखिलेश गौड़ ने बताया कि उनके पिता केदार गौड़ (55) शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे साइकिल से गड़ौरा बाजार जा रहे थे। लोहरौली गांव स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि केदार गौड़ की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।


