हर्षोदय टाइम्स/ बिमलेश कुमार पाण्डेय
महाराजगंज। घुघली विकासखंड के पकड़ी बिशुनपुर चौराहे के पास स्थित एक महत्वपूर्ण विद्युत पोल टूट जाने के बाद ग्रामीणों ने सक्रियता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई। टूटे पोल से जहां बिजली आपूर्ति बाधित होने का खतरा था, वहीं राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों के लिए भी सुरक्षा चुनौती बढ़ गई थी।
सूचना पर मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के कर्मियों ने ग्रामीणों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया। पड़ताल में सामने आए तथ्यों के आधार पर पोल क्षतिग्रस्त करने वाले व्यक्ति से क्षतिपूर्ति की राशि वसूल कर ली गई। ग्रामीणों के अनुसार यह कदम भविष्य में ऐसी लापरवाहियों पर रोक लगाने के लिए चेतावनी साबित होगा।
बिजली विभाग ने शीघ्र ही पोल की मरम्मत कर सप्लाई बहाल करने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाने पर विभाग और प्रशासन के प्रति आभार जताया, साथ ही मांग की कि क्षेत्र में जर्जर पोलों का सर्वे कर जल्द सुधार कार्य सुनिश्चित कराया जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका टाली जा सके।

