हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज जनपद के विकासखंड परतावल अंतर्गत ग्राम पंचायत धनहा नायक में स्थित जी.डी. नेशनल स्कूल के छात्रों को गुरुवार को शैक्षिक एवं व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के उद्देश्य से गीडा (गोरखपुर) स्थित औद्योगिक इकाई का भ्रमण कराया गया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से आयोजित इस औद्योगिक भ्रमण में छात्रों ने पारले-जी बिस्किट निर्माण इकाई का अवलोकन किया और उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान छात्रों को फैक्ट्री में बिस्किट निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं, मशीनों के संचालन तथा पैकेजिंग व्यवस्था के बारे में विस्तार से बताया गया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को औद्योगिक क्षेत्र की कार्यप्रणाली से परिचित कराना और उन्हें व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था।
भ्रमण में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की देखरेख में छात्र-छात्राएं सुबह 8 बजे विद्यालय से गीडा गोरखपुर के लिए रवाना हुए और शाम करीब 3 बजे वापस लौटे। विद्यालय प्रशासन ने सभी छात्रों को अपने साथ लंचबॉक्स और पानी की बोतल लाने के निर्देश दिए थे।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण से छात्रों को किताबों के साथ-साथ वास्तविक जीवन में उद्योगों के कार्य करने के तरीके को समझने का अवसर मिलता है, जिससे उनके ज्ञान और अनुभव में वृद्धि होती है।


